आंख में मिर्च झोंककर मोबाइल दुकानदार से 65 हजार की लूट, वारदात CCTV में कैद
बिजनौर (चांदपुर)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के चांदपुर कस्बे में मंगलवार सुबह एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई। दिन दहाड़े एक युवक ने मोबाइल की दुकान पर रिचार्ज कराने के बहाने पहुंचकर दुकानदार की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और गल्ले से करीब 65 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। वारदात की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार चांदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटकुई निवासी सुहैल की दुकान पुलिस चौकी के सामने स्थित है, जहां मोबाइल रिचार्ज और मनी ट्रांसफर का कार्य होता है। सुबह करीब 10:30 बजे एक युवक दुकान पर पहुंचा और मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कही। दुकानदार सुहैल ने जैसे ही काउंटर की दराज़ खोली, युवक ने अचानक उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया।
इस दौरान आरोपी युवक गल्ले में रखी लगभग 60 हजार रुपये नकद और 5 हजार रुपये के सिक्के लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार ने उसे पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें Pratapgarh: सपा नेता गुलशन यादव पर शिकंजा: योगी सरकार ने गाड़ी, बंगला, बैंक बैलेंस किया जब्त













