एटा – थाना बागवाला पुलिस को मिली सफलता, साइबर क्राइम टीम ने 46,989 रुपए की धनराशि आवेदक के खाते में कराई वापस
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा। जनपद में साइबर अपराध की रोकथाम और ठगी की गई धनराशि को पीड़ितों के खाते में वापस कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बागवाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बागवाला साइबर हेल्प डेस्क टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आवेदक को झांसे में लेकर ठगी गई कुल 46,989 रुपए की धनराशि वापस कराकर उसके खाते में जमा कराई है। इस कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है और उसने एटा पुलिस की सराहना की है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा सच्चिदानंद तथा अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में की गई। क्षेत्राधिकारी साइबर नीतीश गर्ग के नेतृत्व में थाना बागवाला साइबर हेल्प डेस्क टीम ने इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की। प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने झांसा देकर ठगी की थी। आवेदक ने इसकी शिकायत थाना बागवाला के साइबर हेल्प डेस्क पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही टीम ने तत्काल मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित बैंक खातों व लेनदेन की जानकारी जुटाई। टीम ने तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए ठगी गई धनराशि को होल्ड कराया और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर पूरी धनराशि आवेदक के खाते में वापस कराई।धनराशि वापस मिलने पर आवेदक ने थाना बागवाला साइबर हेल्प डेस्क टीम व एटा पुलिस का आभार व्यक्त किया है। आवेदक ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसे अपनी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी।
इस सफलता में साइबर हेल्प डेस्क टीम के उप निरीक्षक आनंद सिंह, महिला कांस्टेबल 88 स्वाति, कांस्टेबल मो. फहीम और कांस्टेबल आकाश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण और पासवर्ड किसी को न बताएं। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 पर या नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि वापस कराई जा सके।











