एटा जिला प्रशासन की अनूठी पहल, ईशन नदी के पुनर्जीवन से जल संरक्षण और ग्रामीण समृद्धि को मिलेगी नई दिशा

एटा जिला प्रशासन की अनूठी पहल, ईशन नदी के पुनर्जीवन से जल संरक्षण और ग्रामीण समृद्धि को मिलेगी नई दिशा

संवाददाता योगेंद्र सिंह

एटा। जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन एटा ने अनूठी पहल की है। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के नेतृत्व में ईशन नदी के जलग्रहण क्षेत्र के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस पहल के माध्यम से 108 गांवों को जल संरक्षण की गतिविधियों से जोड़ते हुए वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और कृषि सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।ईशन नदी गंगा नदी की सहायक नदी है। एटा जनपद में इसकी प्रवाह लंबाई लगभग 57 किलोमीटर और जलग्रहण क्षेत्र 425 वर्ग किलोमीटर है। नदी निधौली कलां, शीतलपुर और सकीट विकासखंडों से होकर गुजरती है। इसके जलग्रहण क्षेत्र में कुल 108 गांव शामिल हैं, जिनमें 29 प्राथमिक और 79 सेकेंडरी गांव हैं।जिलाधिकारी की पहल पर तैयार कार्ययोजना के तहत 15 चेकडैम स्थलों, 18 तालाबों तथा 106 सरकारी एवं अर्द्धसरकारी भवनों को रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए चिह्नित किया गया है। चेकडैम निर्माण से नदी एवं जलधाराओं में प्रवाहित होने वाले पानी का स्थानीय स्तर पर संचयन होगा। तालाबों के विकास और पुनर्जीवन से वर्षा जल भंडारण क्षमता में वृद्धि होगी। वहीं सरकारी विद्यालयों, पंचायत भवनों और अन्य सरकारी संस्थानों की छतों पर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कर बारिश के पानी को भूजल पुनर्भरण के लिए उपयोग किया जाएगा।कार्ययोजना के अनुसार 18 तालाबों के माध्यम से लगभग 5.40 लाख घनमीटर तथा 15 चेकडैम के माध्यम से लगभग 2.25 लाख घनमीटर जल भंडारण क्षमता विकसित करने का अनुमान है। इस प्रकार कुल लगभग 7.65 लाख घनमीटर जल भंडारण क्षमता विकसित करने की योजना है।योजना के प्रभाव आकलन में तालाबों और चेकडैम के माध्यम से कुल 540 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई क्षमता विकसित होने का अनुमान लगाया गया है। इससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही भूजल स्तर में सुधार और जल गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है। जल संरक्षण से जुड़े निर्माण एवं विकास कार्यों के माध्यम से लगभग 18,750 मानव दिवस रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इससे स्थानीय श्रमिकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। जिला प्रशासन की यह पहल जल संरक्षण को कृषि विकास और ग्रामीण समृद्धि से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें