सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग ने उपचार के दौरान तोड़ा दम, भतीजे की शादी में शामिल होने दिल्ली से आए थे घर
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊँचाहार (रायबरेली):
कोतवाली क्षेत्र के चड़रई चौराहे के पास बीते बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ऊँचाहार कोतवाली क्षेत्र के नरेंद्र नगर मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव निवासी बुजुर्ग अब्दुल हसन अपने भतीजे के विवाह समारोह में सम्मिलित होने के लिए दिल्ली से घर आए थे। बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बुजुर्ग के निधन की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।











