करोड़ों की लागत से बन रहे रिंग रोड प्रोजेक्ट में सुरक्षा में बड़ी लापरवाही
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत


मजदूर बिना हेलमेट कर रहे काम
अयोध्या। जनपद अयोध्या में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे रिंग रोड प्रोजेक्ट में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। सोहावल क्षेत्र के ग्राम सभा मंगलसी में सरयू नदी पर बनाए जा रहे पुल के पिलर्स निर्माण कार्य के दौरान मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण, खासकर हेलमेट के काम करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय मजदूरों का कहना है कि इतने भारी-भरकम निर्माण कार्य में सुरक्षा साधनों की सबसे अधिक जरूरत होती है, लेकिन ठेकेदार या संबंधित एजेंसी द्वारा उन्हें हेलमेट उपलब्ध नहीं कराया गया है। मजदूरों ने बताया कि सिर शरीर का सबसे संवेदनशील हिस्सा होता है और हेलमेट न होने से जान का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि अगर किसी मजदूर के साथ कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्य स्थल पर कोई सेफ्टी सुपरवाइजर या सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने वाला अधिकारी मौजूद नहीं रहता है। निर्माण स्थल पर भारी मशीनें, ऊंचाई पर काम और भारी सामग्री के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और कार्य स्थल पर हेलमेट, सेफ्टी जैकेट, जूते सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं।
साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी बड़े हादसे से पहले व्यवस्था दुरुस्त की जा सके।












