बालाजी ज्वेलर्स हत्याकांड के आरोपी अमन की मुठभेड़ में मौत, एक अन्य गिरफ्तार
आगरा: तीन दिन पहले शहर में हुई सनसनीखेज हत्या और लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बालाजी ज्वेलर्स के स्वामी योगेश चौधरी की निर्मम हत्या और लूटपाट में शामिल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने मंगलवार सुबह एक मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अमन को मार गिराया।
मुठभेड़ सिकंदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंसल एपीआई इलाके में हुई, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बदमाशों को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। फिलहाल, पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।
योगेश चौधरी की हत्या ने आगरा के व्यापारिक समुदाय को हिला कर रख दिया था, ऐसे में इस मुठभेड़ को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोग और व्यापारी वर्ग ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
ये भी पढ़ें कुमारी आंचल बाघ ने पांचवी बोर्ड परीक्षा में 95% के साथ टॉप टेन में आठवां नंबर पर जमाया कब्जा













