उधार के रुपये मांगने पर दलित युवक से अमानवीय व्यवहार मारपीट कर सिर मुंडवाया, मूंछ-भौं काटी, दो आरोपी हिरासत में भीम आर्मी आज़ाद समाज पार्टी ने सौंपा ज्ञापन
समवादता पवन सूर्यवंशी नवाबगंज
नवाबगंज। उधार दिए गए रुपये वापस मांगने पर दबंगों द्वारा अनुसूचित जाति के युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने युवक की पिटाई की, जातिसूचक गालियां दीं और जबरन उसका सिर मुंडवाकर मूंछ व भौंह काट दी। इसके बाद उसके चेहरे पर कीचड़ भी पोत दी गई। थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम गुरसौली निवासी पप्पू दिवाकर ने नवाबगंज थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह ग्राम गेला टांडा निवासी चंद्रसेन के यहां रह रहा था। आरोप है कि चंद्रसेन ने ट्रैक्टर खरीदने के नाम पर उससे चार लाख पचास हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने पर चंद्रसेन, उसके बेटे पप्पू व गोधनलाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन उसका सिर गंजा किया तथा उस्तरे से मूंछ और भौंह भी साफ कर दी। घटना का वीडियो पीड़ित के पास सुरक्षित बताया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के विरोध में भीम आर्मी व आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
इस दौरान शाहिद अंसारी, चरण सिंह, मुनीष, जान मोहम्मद अंसारी, शाकिर अली, ऐबरन कुमार, प्रेमपाल और अंकित कुमार मौजूद रहे।












