भव्य कलशयात्रा के साथ सत्रहवें श्रीराम महायज्ञ का शुभारंभ, जय श्रीराम के नारों से गूंजा नगर
भागवत पुराण व संतों के स्वागत में हुई पुष्पवर्षा, सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर किया सहभाग
झांसी टहरौली
कस्वा टहरौली में स्थित सिद्धनाथ आश्रम पर आयोजित सत्रहवें श्रीराम महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा एवं सर्वजातीय विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ। कलशयात्रा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
सर्वोदय तालाब से विधि-विधान के साथ जल भरकर पीठाधीश्वर महंत सुखदेव दास त्यागी के नेतृत्व में कलशयात्रा निकाली गई। यात्रा सिद्धपीठ से प्रारंभ होकर टहरौली किला, खास की हरिजन बस्तियों, विभिन्न मुहल्लों से होते हुए बस स्टैंड के रास्ते ग्राम बमनुआं पहुंची। वहां से पुनः सिद्धपीठ लौटकर यात्रा का समापन हुआ।
कलशयात्रा में डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच सजे-धजे घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे। सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों महिलाएं मंगल गीत गाती हुई यात्रा में शामिल रहीं। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ भागवत पुराण के दर्शन के लिए उमड़ी। जय जय श्रीराम और यज्ञ भगवान के नारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
धर्मालंबियों ने अपने-अपने घरों के बाहर महंत सुखदेव दास त्यागी व भागवत पुराण का रोली-तिलक, माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा मिष्ठान वितरित किए। यात्रा के दौरान गिद्ध वाहिनी माता गढ़ कुण्डार, बड़ी माता मंदिर, लक्ष्मण जी महाराज, गायत्री माता, हनुमान मंदिर, छोटी माता एवं हनुमान मंदिर बमनुआं में नारियल अर्पित कर यज्ञ का आमंत्रण दिया गया।
इसे भी पढ़ें ???? ???? जनपद एटा में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से मचा हड़कंप, एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या, चौथी महिला गंभीर












