करहल में चोरी की बड़ी वारदात: सोते रहे परिजन, लाखों का माल समेट ले गए चोर
संवाददाता:पंकज मिश्रा मैनपुरी करहल थाना क्षेत्र में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। पूरी घटना ग्राम नगला मनफूल, छोटे नगला खुशाल की बताई जा रही है, जहां रात के समय परिजन घर में गहरी नींद में सोते रहे और चोरों ने घर के ऊपरी मंजिल पर बने कमरे को निशाना बनाकर लाखों रुपये का माल पार कर दिया।
सुबह जब घर की छोटी बच्ची ने परिजनों को कुछ संदिग्ध होने की जानकारी दी तो सभी के होश उड़ गए। परिजन जब मौके पर पहुंचे और कमरे का हाल देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। चोर घर से सोने-चांदी के कीमती जेवरात, नगदी के साथ-साथ परिजनों के कपड़े भी उठा ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही करहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का बारीकी से मौका मुआयना किया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।
चोरी के बाद चोरों द्वारा इस्तेमाल किया गया बख्शा पास ही सरसों के खेत में पड़ा मिला, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोर वारदात को अंजाम देने के बाद खेतों के रास्ते फरार हुए।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है और लोग रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें आयुक्त द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन परिसरों का निरीक्षण













