कानून व्यवस्था पर सवाल: अवैध तमंचे के साथ युवक की रील वायरल, पुलिस पर उठे सवाल
संवाद दाता:पंकज मिश्रा मैनपुरी में कानून व्यवस्था को चुनौती देता एक और मामला सामने आया है। जिले में अवैध तमंचों के साथ रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला भोगांव थाना क्षेत्र के गांव दीवनपुर चौधरी का बताया जा रहा है, जहां एक युवक ने हाथ में अवैध तमंचा लेकर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में युवक खुलेआम तमंचा लहराते हुए दिखाई दे रहा है। रील सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि युवाओं में गलत संदेश भी दे रहा है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर अवैध हथियार युवकों तक कैसे पहुंच रहे हैं और पुलिस की निगरानी कहां है। वहीं, वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने में जुट गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपी युवक की गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
फिलहाल, यह मामला मैनपुरी में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।
ये भी पढ़ें करहल में चोरी की बड़ी वारदात: सोते रहे परिजन, लाखों का माल समेट ले गए चोर












