हवा में डगमगाया सेना का प्रशिक्षण विमान, प्रयागराज में तालाब में गिरा

हवा में डगमगाया सेना का प्रशिक्षण विमान, प्रयागराज में तालाब में गिरा

केपी कॉलेज के पीछे हुआ हादसा, दोनों ट्रेनी पायलट सुरक्षित

प्रयागराज। संवाददाता उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर सेना का एक प्रशिक्षण विमान (ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट) अचानक तकनीकी कारणों से हवा में डगमगाने लगा और शहर के बीचों-बीच केपी कॉलेज के पीछे स्थित एक तालाब में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों ट्रेनी पायलट पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान गिरते समय तेज आवाज हुई जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तालाब में उतरकर पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। दोनों पायलटों को एहतियातन अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और हालात का जायजा लिया। क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी पदम सिंह ने बताया कि, “हम लोग स्कूल कैंपस में मौजूद थे, तभी अचानक रॉकेट जैसी तेज आवाज सुनाई दी। दौड़कर पहुंचे तो देखा कि विमान तालाब में गिरा है और लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। हम लोग तालाब में कूदे और पायलटों को बाहर निकाला।”

स्थानीय निवासियों का कहना है कि विमान उनकी आंखों के सामने क्रैश हुआ। उन्हें आशंका थी कि कहीं विस्फोट न हो जाए, लेकिन सौभाग्य से ऐसा नहीं हुआ। पैराशूट खुलने के बाद पायलटों ने मदद की आवाज लगाई, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सेना और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं।


ये भी पढ़ें पुलिस की बड़ी कार्रवाई. 50 हजार का इनामी बदमाश विपिन उर्फ टेडी गिरफ्तार

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें