जनपद एटा में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस–2026 : कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा, 24 जनवरी 2026 (सू.वि.) — उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस–2026 के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशानुसार आज जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं, तैयारियों तथा विभागीय समन्वय बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी (डीएसटीओ) प्रदीप कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी मोहम्मद राशिद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा मंच व्यवस्था, दर्शक एवं आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा प्रबंध, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। साथ ही आयोजन को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप देने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस राज्य की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति एवं विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे पूरी गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।












