प्रतापगढ़: हत्या के प्रयास के मामले में जेठवारा पुलिस ने दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
संवाददाता शिक्षा तिवारी प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना जेठवारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास व मारपीट के एक मामले में वांछित दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 15 मई 2025 की है, जब वादी एक बारात में शामिल होने के लिए ग्राम होला का पुरवा, थाना जेठवारा क्षेत्र में आया था। रात के समय बाराती और घराती पक्ष के लोगों के बीच आपसी विवाद हो गया। इसी दौरान ग्राम होला का पुरवा निवासी कुछ लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडा व धारदार हथियार से वादी पर हमला कर दिया। हमले में वादी को गंभीर चोटें आईं। इस संबंध में थाना जेठवारा में मुकदमा संख्या 151/25 धारा 191(2), 191(3), 190, 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत सात नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती करिश्मा गुप्ता के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी जेठवारा श्री विजय कान्त सत्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पुलिस कार्यालय प्रतापगढ़ गेट के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शुभम पटेल उर्फ जलकेश (22 वर्ष) पुत्र महारानीदीन पटेल तथा तनुज पटेल (19 वर्ष) पुत्र महारानीदीन पटेल, निवासी ग्राम होला का पुरवा, थाना जेठवारा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अमित कुमार वर्मा, उप निरीक्षक आनन्द राय एवं कांस्टेबल अर्पित त्रिपाठी शामिल रहे। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।













