जमुई में आंगनबाड़ी केंद्र पर ताला, बच्चों की पढ़ाई-पोषण प्रभावित

जमुई में आंगनबाड़ी केंद्र पर ताला, बच्चों की पढ़ाई-पोषण प्रभावित

जमुई (बिहार)। जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत महादेव सिमरिया पंचायत के वार्ड नंबर 5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 102 को असामाजिक तत्वों द्वारा बंद कर दिए जाने का मामला सामने आया है। कुछ युवाओं ने सरस्वती पूजा का हवाला देते हुए सामुदायिक भवन में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र में ताला जड़ दिया, जिससे बच्चों की शिक्षा और पोषण व्यवस्था बाधित हो गई है।

बताया गया है कि यह आंगनबाड़ी केंद्र पिछले कई वर्षों से इसी सामुदायिक भवन में निर्बाध रूप से संचालित हो रहा था। विभागीय पदाधिकारियों के मौखिक आदेश के अनुसार, जब तक केंद्र का अपना भवन नहीं बन जाता, तब तक आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 102 इसी भवन में चलाया जाना था।

हालांकि असामाजिक तत्वों का आरोप है कि भवन की आवश्यकता पड़ने पर आंगनबाड़ी सेविका चाबी उपलब्ध नहीं करातीं, इसलिए अब यहां केंद्र नहीं चलने दिया जाएगा। वहीं आंगनबाड़ी सेविका अभिलाषा कुमारी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जब भी समाज के लोगों को भवन की जरूरत पड़ी है, उसे उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने इसे व्यक्तिगत द्वेष और परेशान करने की साजिश बताया है।

सेविका द्वारा इस पूरे मामले की सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। मजबूरी में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सामुदायिक भवन के बरामदे में किया जा रहा है, जहां बच्चों को शिक्षा और पोषण आहार दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि आंगनबाड़ी केंद्र के ठीक बगल से सड़क गुजरती है, जहां लगातार वाहनों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर आंगनबाड़ी केंद्र को सुचारू रूप से संचालित कराने की मांग की है।

ये भी पढ़ें एटा में नाबालिग छात्रा बरामद, पुलिस जांच में जुटी

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें