भाइयों से ज़मीन विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को मारी गोली, मरने से पहले बनाया वीडियो—भाइयों, साले और पुलिस को ठहराया मौत का जिम्मेदार
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित अब्दुल्लापुर गांव में पारिवारिक ज़मीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। प्रॉपर्टी डीलर आमिर ने शनिवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें अपने भाइयों, उनके साले और स्थानीय पुलिस को अपनी आत्महत्या का जिम्मेदार बताया।
वीडियो में आमिर भावुक होते हुए कहता है कि उसका अपने भाइयों से ज़मीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। वह इस विवाद से मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुका था। आमिर ने आरोप लगाया कि उसके भाइयों और उनके साले ने थाना पुलिस से साठगांठ कर उस पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया, जिसकी वजह से वह बीते तीन दिनों से घर से दूर भूखा-प्यासा घूम रहा है और अपने पत्नी-बच्चे से भी नहीं मिल पाया।
वीडियो में आमिर कहता है, “मेरे भाइयों और उनके साले ने मिलकर पुलिस के साथ सेटिंग कर रखी है, जिससे मेरा जीना मुश्किल हो गया है। मुझ पर झूठा मुकदमा लिखवा दिया गया है। मैं बहुत परेशान हूं और अब जीने की हिम्मत नहीं बची। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे दोनों भाई, उनका साला और थाने की पुलिस है।”
आमिर की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी पीएचडी धारक हैं और वर्तमान में यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। उनका एक छह महीने का बेटा भी है। आमिर की आत्महत्या से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में भी मातम पसरा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी और परिजनों ने इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी।
ये भी पढ़ें राजा भईया के प्रयास से कुंडा सीएचसी को मिली बड़ी सौगात, नवजातों के लिए एसएनसीयू यूनिट का हुआ शुभारंभ












