मतदाता विशेष सघन अभियान: नोटिस सुनवाई को लेकर तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने विभिन्न बूथों पर किया व्यापक निरीक्षण
संवाददाता पवन सूर्यवंशी नबावगंज
नबावगंज।121 विधानसभा क्षेत्र नबावगंज में चल रहे मतदाता विशेष सघन अभियान के अंतर्गत नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान बूथों का गहन निरीक्षण किया। तहसीलदार ने निरीक्षण के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय रिछोला किफायतुल्ला, प्राथमिक विद्यालय याकूपुर एवं जेपीएन इंटर कॉलेज में पहुंचकर वीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं सुपरवाइजरों द्वारा जारी किए गए नोटिसों की बारीकी से जांच की। साथ ही, उन्होंने नोटिस सुनवाई से संबंधित की जा रही कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए सभी मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर समस्त वीएलओ, सुपरवाइजर तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। तहसीलदार के निरीक्षण से अभियान से जुड़े कर्मचारियों में सक्रियता देखने को मिली।












