एटा : आकांक्षी विकास खण्ड अवागढ़ में ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ का हुआ शुभारम्भ
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशन में नीति आयोग द्वारा चयनित आकांक्षी विकास खण्ड अवागढ़ में मंगलवार को सम्पूर्णता अभियान 2.0 का भव्य शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख श्रीमती गंगा श्री द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के अंतर्गत किए जाने वाले सुधारात्मक कार्यों को लेकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं आमजनमानस के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
अपर सांख्यिकीय अधिकारी डॉ. मुनीष कुमार ने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, पशुपालन सहित 06 प्रमुख सूचकांकों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम जनता की भागीदारी से इन सूचकांकों की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है।
खण्ड विकास अधिकारी श्री पी.एस. आनन्द ने बताया कि यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही कुपोषण उन्मूलन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, बालिका शिक्षा, स्वच्छता एवं पेयजल सुविधा, विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्रों के अवसंरचनात्मक विकास तथा पशुओं के टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के दौरान विश्व कैंसर दिवस, अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, महिला दिवस, विश्व जल दिवस एवं विश्व स्वास्थ्य दिवस जैसे विशेष अवसरों पर जागरूकता शिविर, स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसके माध्यम से वंचित एवं पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आकांक्षी विकास खण्डों में समग्र एवं सतत विकास को गति मिल सके।
कार्यक्रम में एम.ओ.आई.सी. डॉ. ब्रजेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी आकाश त्यागी, ए.बी.पी. फेलो अनुराधा, बाल विकास परियोजना अधिकारी संजीव कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री विमल कुमार, ए.डी.ओ. (पंचायत) प्रदीप कुमार, वरिष्ठ सहायक श्रवण कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा कार्यकर्ता, ग्राम स्तरीय फ्रंटलाइन वर्कर्स एवं बड़ी संख्या में आमजनमानस उपस्थित रहा।
विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, वहीं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन ए.डी.ओ. (आर.डी.) संजीव सारस्वत द्वारा किया गया।
ये भी पढ़ें नागरिकों को विश्व आर्द्रभूमि संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक, विषेश कार्यक्रम हुआ का आयोजन।












