महाकाल महोत्सव व महाशिवरात्रि मेला हेतु उप जिला मजिस्ट्रेट का आदेश जारी
बालेंदु शेखर पांडेय मजिस्ट्रेट नामित 14 से 17 फरवरी को 26 वें महाकाल महोत्सव का होगा भव्य आयोजन सुव्यवस्था होगी सभी विभागों की प्राथमिकता / सम्बन्धित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी
दैनिक चक्र प्रतापगढ़ अवधेश चंद्र पांडेय
प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडव कालीन भयहरण नाथ धाम में आगामी 14 से 17 फरवरी तक होने वाले 26 वें महाकाल महोत्सव व महा शिवरात्रि मेला के संदर्भ में सभी सम्बन्धित विभागों को जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश के क्रम में एस डी एम सदर द्वारा आदेश जारी कर बिंदुवार निर्देशित किया गया है। पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, आर ई एस, जल निगम, विद्युत विभाग, नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह, जिला अग्नि शमन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर तथा थानाध्यक्ष जेठवारा व महासचिव भयहरण नाथ धाम को सुव्यवस्था हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। मेला व महोत्सव हेतु नायाब तहसीलदार मांधाता बालेंदु शेखर पांडेय को मजिस्ट्रेट के रूप में नामित कर तहसीलदार सदर को क्षेत्रीय लेखपालो व राजस्व निरीक्षकों की शिफ्ट वाईज ड्यूटी लगाकर आवश्यक सहयोग के निर्देश दिया गया है। यह आदेश उप जिलाधिकारी सदर नैन्सी सिंह द्वारा भयहरण नाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के महासचिव समाज शेखर द्वारा 20 जनवरी को जिलाधिकारी महोदय को दिये गए प्रबन्ध समिति के आग्रह पत्र के क्रम में गत वर्षो की भाँति पत्रांक संख्या 247 द्वारा 3 फरवरी को जारी किया गया है। एस डी एम ने क्षेत्राधिकारी सदर को इस अवधि में अस्थाई पुलिस चौकी बनाने व आवश्यक पीएसी, पुलिस बल व महिला पुलिस की तैनाती के निर्देश दिया। लोक निर्माण विभाग व आर ई एस को मुख्य मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिया। अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत को बकुलाही नदी के पुल के दोनों तरफ जरूरी मिट्टी डालने, सभी मार्गो को दुरुस्त करने, साफ सफाई की उत्तम व्यवस्था सहित शौचालय व जल आपूर्ति आदि के सम्बन्ध में जरूरी निर्देश दिया गया है। जिला सूचनाधिकारी व महासचिव भयहरण नाथ धाम को महोत्सव में कार्यक्रम व गतिविधियों को नियोजित व आयोजित किये जाने की अपेक्षा की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक को मेला व महोत्सव में एन सी सी व स्काउट के कार्यकर्ता लगाने के निर्देश दिया है। अग्निशमन अधिकारी को अग्नि शमन की पर्याप्त व्यवस्था को कहा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस की व्यवस्था व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किया गया है। मेला में किसी प्रकार की अवैद्य वसूली नही होगी। चोरी, छिनैती आदि सहित कंट्रोल रूम से सभी व्यवस्था पर नियंत्रण हेतु क्षेत्राधिकारी सदर व जेठवारा थानाध्यक्ष व अधिशाषी अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। महासचिव समाज शेखर का सहयोग लिए जाने का निर्देश दिया गया है। महासचिव समाज शेखर ने कहा है की जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के मार्गदर्शन में सभी व्यवस्था में प्रबन्ध समिति , नगर पंचायत व समस्त विभाग अपनी जिम्मेदार भूमिका निभायेंगे। मेला व मंदिर क्षेत्र में सुव्यवस्था सभी की प्राथमिकता रहेगी।
ये भी पढ़ें जनपद में मोटरसाइकिल चोरी की घटना के अभियोग से संबंधित 02 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार।












