कुंडा प्रतापगढ़ थाना हथिगवां पुलिस की बड़ी-कार्रवाई
संवाददाता अमित शुक्ला
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना हथिगवां पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। घटना 26 जुलाई की है, जब थाना हथिगवां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटिला अख्तियारी में नाले के निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। इस संबंध में थाना हथिगवां में 13 नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी कुंडा श्री अमर गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी हथिगवां श्री सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त राजेश पटेल पुत्र लक्ष्मीनारायण पटेल (उम्र लगभग 45 वर्ष) को कोटिला मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।












