न्याय की आस में दर-दर भटकती महिला, पति पर दूसरी शादी का आरोप
संवादाता: पंकज मिश्रा मैनपुरी — बिना तलाक दिए पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पीड़िता अपने मासूम बच्चों को लेकर दर-दर भटकने को मजबूर है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने न केवल उसे घर से निकाल दिया, बल्कि अब जेठ और जेठानी भी लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से उसका उत्पीड़न कर रहे हैं।
मामला थाना भोगांव क्षेत्र के गांव नगला दीपा का है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी कई वर्ष पूर्व हुई थी और शादी से उसे बच्चे भी हैं। कुछ समय से पति का व्यवहार बदल गया और बिना किसी वैधानिक तलाक के उसने दूसरी महिला से शादी कर ली। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे और बच्चों समेत घर से निकाल दिया।
पीड़िता का कहना है कि वह अपने बच्चों के भरण-पोषण के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन ससुराल पक्ष से किसी भी तरह की मदद नहीं मिल रही है। उल्टा जेठ और जेठानी आए दिन धमकी देकर उसे चुप रहने का दबाव बना रहे हैं।
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) मैनपुरी को प्रार्थनापत्र देकर की है और पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उसने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उसके और बच्चों के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
फिलहाल एसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिए जाने के बाद मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है। पीड़िता को अब पुलिस कार्रवाई और न्याय की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें एटा प्रदर्शनी स्टाल परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं की गूंज













