एटा: दलित दूल्हे की बारात रोके जाने का आरोप, दो पक्षों में मारपीट से तनाव
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। जनपद के सकीट थाना क्षेत्र के मोहल्ला पीपल टोला में दलित दूल्हे की बारात रोके जाने के आरोप के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने की बात सामने आई है। मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाक्य समाज के एक व्यक्ति के बेटे के तिलक समारोह के दौरान डीजे बज रहा था। इसी दौरान दलित समाज के कुछ लोग डीजे पर डांस करने लगे। इस पर आपत्ति जताए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बताया जा रहा है कि देर रात जब दलित समाज की बारात निकल रही थी, तभी रास्ते में शाक्य समाज के कार्यक्रम में बज रहे डीजे को लेकर पुनः विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान बारात को आगे बढ़ने से रोका गया और फिर से झड़प हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें एटा: दलित दूल्हे की बारात रोके जाने का आरोप, दो पक्षों में मारपीट से तनाव












