एटा में कांवड़ यात्रा और महोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट
संवाददाता मुकेश कुमार

एसएसपी ने किया पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
एटा। कांवड़ यात्रा और एटा महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर राजेश सिंह के साथ भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन चेकिंग की गई। इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए कैलाश मंदिर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सैनिक पड़ाव पहुंचकर एटा महोत्सव में की गई सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने तथा ड्यूटी के दौरान पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।












