प्रतापगढ़ जूनियर बार एसोसिएशन पुरातन के चुनाव मे करुणा शंकर मिश्र बने अध्यक्ष, कौशलेश पति त्रिपाठी महामंत्री निर्वाचित
संवाददाता अमित शुक्ला
जूनियर बार एसोसिएशन ‘पुरातन’ के चुनाव परिणाम घोषित, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत जूनियर बार एसोसिएशन ‘पुरातन’ के वार्षिक चुनाव के परिणाम शनिवार दोपहर एक बजे घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही कचहरी परिसर में उत्साह का माहौल छा गया। अध्यक्ष पद पर करुणा शंकर मिश्र तथा महामंत्री पद पर कौशलेश पति त्रिपाठी निर्वाचित घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में करुणा शंकर मिश्र ने 583 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जेपी मिश्रा को 10 मतों के अंतर से पराजित किया। जेपी मिश्रा को 573 मत मिले। मतगणना के दौरान सुबह से ही कचहरी परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा और समर्थक परिणाम जानने को उत्सुक दिखाई दिए। महामंत्री पद पर कौशलेश पति त्रिपाठी ने जीत दर्ज की। परिणाम की घोषणा के बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। परिसर में मिठाइयां बांटी गईं और विजयी उम्मीदवारों के समर्थन में नारे लगाए गए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। वहीं महामंत्री कौशलेश पति त्रिपाठी ने सहयोग और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।












