एटा की लीकेज पानी टंकी पर सियासत, सिंगापुर दौरे को लेकर अखिलेश का तंज
स्टेट संवाददाता: विष्णु रावत एटा। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे पर तंज कसते हुए एटा की लीकेज पानी टंकी को मुद्दा बना लिया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एटा के सुनहरी नगर स्थित पानी की टंकी से हो रहे लीकेज की तस्वीर साझा करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने शायराना अंदाज़ में लिखा कि मुख्यमंत्री जब विदेश प्रवास पर जा ही रहे हैं, तो सिंगापुर में यह देखकर आएं कि जल की धारा कितनी दर्शनीय हो सकती है। साथ ही कटाक्ष किया कि उनके शासनकाल में पानी की धारा केवल फटी टंकियों और पाइपों से ही निकलती दिखाई देती है।
दरअसल, बीते गुरुवार को सुनहरी नगर स्थित पानी की टंकी का वाल्व लीक हो गया था। तकनीकी खराबी के चलते टंकी से फव्वारे की तरह पानी बहने लगा, जिससे पार्क परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों द्वारा इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
सूचना मिलते ही नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हुआ और टंकी की मरम्मत कराई गई। अधिकारियों के अनुसार अब टंकी पूरी तरह दुरुस्त है और जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सिंगापुर दौरे पर रहे, जहां उन्होंने प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। इसी दौरे को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी ने इस तकनीकी समस्या को राजनीतिक रंग दे दिया है।
फिलहाल, एटा की पानी टंकी का मामला तकनीकी से ज्यादा सियासी चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में शहर के बीचोंबीच कोतवाली नगर स्थित












