गुलशन यादव की पत्नी के नाम दर्ज 1 करोड़ 10 लाख की जमीन कुर्क, प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई
संवाददाता शिवम गुप्ता: प्रतापगढ़: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलशन यादव की पत्नी के नाम दर्ज जमीन को कुर्क कर लिया है। यह बेशकीमती ज़मीन लखनऊ के शारदा नगर न्यू साउथ सिटी इलाके में स्थित है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रशासन ने नियमानुसार जब्तीकरण की कार्यवाही को अंजाम देते हुए संपत्ति को कुर्क किया। गुलशन यादव पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और यह कार्यवाही गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई है।
बता दें कि यह कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई है। शासन के निर्देश पर अब ऐसे अपराधियों की संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने अपराध से अर्जित धन से संपत्ति खड़ी की है या परिजनों के नाम से रजिस्ट्री करा रखी है।
प्रशासन की इस कार्यवाही से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है और यह संदेश दिया गया है कि अब अपराध की कमाई से अर्जित कोई भी संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी।
ये भी पढ़ें Pratapgarh: बुलेट की ‘गर्जना’ पर लगाम, पुलिस ने 27 साइलेंसर किए चकनाचूर












