गाजियाबाद सीएसआर पहल के तहत 106 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित, आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर







दिनांक: 30 मार्च 2026 जनपद गाजियाबाद में आज विकास भवन परिसर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 106 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गईं। यह कार्यक्रम इंडियन ऑयल रिफाइनरी द्वारा प्रदत्त सीएसआर फंड के माध्यम से संपन्न हुआ, जिसके अंतर्गत एलिमको (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India) द्वारा उपकरण वितरण हेतु विशेष कैंप आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, गाजियाबाद के सहयोग से पूर्व में दिव्यांगजनों का व्यापक स्तर पर चिन्हांकन किया गया था। चयनित लाभार्थियों की सूची एलिमको को उपलब्ध कराई गई, जिसके आधार पर कैंप आयोजित कर पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गईं।
इस कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि सीएसआर फंड के अंतर्गत 80 प्रतिशत या उससे कम दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को भी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की जा सकीं। कार्यक्रम में अधिकांश लाभार्थी ऐसे थे जिनकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे कम थी, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा सका। मुख्य अतिथि श्री प्रदीप कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होते हैं। इसके उपरांत विशिष्ट अतिथि श्री आर.आर. राजे (कार्यकारी निदेशक, इंडियन ऑयल रिफाइनरी) ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण हेतु इस प्रकार की पहल आगे भी सीएसआर के माध्यम से जारी रखी जाएगी। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्री अंशुल चौहान ने उपस्थित दिव्यांगजनों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त करने की पात्रता, प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, विकास भवन गाजियाबाद से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि इच्छुक दिव्यांगजन कार्यालय में संपर्क करने के साथ-साथ व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8791491011 पर भी अपने आवश्यक दस्तावेज भेजकर योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन कर सकते हैं।कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री रीचा जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों में डीआरडीए के परियोजना अधिकारी श्री प्रदीप कुमार पाण्डेय, इंडियन ऑयल रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक श्री आर.आर. राजे, सीजीएम सुश्री पूनम, एलिमको के दिल्ली शाखा प्रभारी श्री पंकज, प्रतिनिधि डॉ. योगेश, सुश्री प्रियंका एवं श्री मोहित सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने सभी सहयोगी संस्थाओं—इंडियन ऑयल रिफाइनरी, एलिमको का आभार व्यक्त किया ।












