मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा: दो की मौत, एक गंभीर घायल; रातभर शवों के ऊपर से गुजरते रहे वाहन
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद के किशनी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि रातभर सड़क पर पड़े शवों के ऊपर से कई वाहन गुजरते रहे, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गए। जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 34 वर्षीय मोहम्मद वसीम पुत्र मोहम्मद मतीन और 50 वर्षीय सत्तार पुत्र रज्जाक खान निवासी छिबरामऊ के रूप में हुई है। वहीं 35 वर्षीय आफताब उर्फ छोटे पुत्र इकबाल गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों लोग किशनी क्षेत्र के जटपुरा गांव में इदरीश की बेटी की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे जब वे किशनी नगर से लगभग दो किलोमीटर दूर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वसीम और सत्तार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आफताब गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक बेवर की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज के चौकीदार और आसपास के ग्रामीण तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने डायल 112 को सूचना दी और टॉर्च दिखाकर वाहनों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सुनसान सड़क होने के कारण कुछ वाहन शवों को कुचलते हुए निकल गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लिया। घायल आफताब को तत्काल सीएचसी भेजा गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मिनी पीजीआई रेफर कर दिया गया। मृतक वसीम की पहचान उसकी जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से हुई। पुलिस ने उसके भाई नदीम को फोन पर सूचना दी। परिजन देर रात सैफई के लिए रवाना हो गए। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।












