डीआईईटी एटा में नशा मुक्ति पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली और शपथ कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता:धर्मेंद्र चौहान: एटा. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी), हरचन्दपुरकलॉ, एटा में नशा मुक्ति पखवाड़ा (12 जून से 26 जून 2025) के अंतर्गत बुधवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभात फेरी, संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से समाज को नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने “नशा छोड़ो, जीवन संवारो”, “स्वस्थ समाज, नशा मुक्त समाज” जैसे नारों के साथ क्षेत्र में जन-जागरूकता फैलाने का कार्य किया। रैली में छात्रों ने हाथों में स्लोगन तख्तियाँ लेकर भाग लिया और लोगों को नशा से दूर रहने का संदेश दिया।
इसके पश्चात आयोजित संगोष्ठी में जिला मद्य निषेध अधिकारी भूपेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा हमारे देश को भीतर से खोखला कर रहा है। विशेषकर युवा वर्ग इसकी चपेट में आकर अपने भविष्य को अंधकारमय बना रहा है। उन्होंने कहा कि हमें इस बुराई को समाज से खत्म करना होगा और युवाओं से अपील की कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभाव से अवगत कराएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को मद्य निषेध संबंधित साहित्य का वितरण किया गया तथा नशा के विरुद्ध सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल छात्रों को जागरूक करना नहीं था, बल्कि समाज में एक सकारात्मक और नशा विरोधी वातावरण तैयार कर एक स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाना भी था।
ये भी पढ़ें कोतवाली नगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता












