महेशगंज CHC में डॉक्टरों की लापरवाही, 11 बजे तक नहीं पहुंचे चिकित्सक
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। जनपद के महेशगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुरुवार को सुबह 11 बजे तक भी कई जिम्मेदार डॉक्टर और स्टाफ अस्पताल नहीं पहुंचे, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. मोहिनी गुप्ता समेत कई चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर अस्पताल नहीं पहुंचे। अस्पताल परिसर में मरीज और उनके परिजन लंबे समय तक इंतजार करते रहे, लेकिन इलाज के लिए कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं था।
मरीजों का कहना है कि दूर-दराज से आने के बावजूद उन्हें घंटों बैठना पड़ता है, जिससे उनकी हालत और बिगड़ने का खतरा बना रहता है। वहीं, अस्पताल परिसर में मौजूद व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही थीं।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए और समय से डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।












