मैनपुरी में मेला हादसा: ब्रेक डांस झूले से गिरा युवक, गंभीर हालत में भर्ती

मैनपुरी में मेला हादसा: ब्रेक डांस झूले से गिरा युवक, गंभीर हालत में भर्ती

संवादाता: पंकज मिश्रा

मैनपुरी। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित श्रीदेवी मेला नुमाइश में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। ब्रेक डांस झूले का गेट अचानक खुल जाने से एक युवक झूले से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार घायल युवक एटा जिले के मलावन क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो मैनपुरी में झंडा चढ़ाने आया था और मेले में घूमने के दौरान ब्रेक डांस झूले पर बैठ गया। झूला चलने के दौरान अचानक गेट खुल गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर युवक नीचे गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने झूला बंद कराया और घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने झूला संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि झूले की सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं थी और गेट ठीक से बंद नहीं किया गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेले में इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झूलों की जांच कर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें