स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत: बैलेंस खत्म होने पर 3 दिन तक नहीं कटेगी बिजली
डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान 
लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी गई है। अब बैलेंस खत्म होने के बाद भी अधिकतम 3 दिन या ₹200 तक (2 किलोवाट लोड तक) बिजली सप्लाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं को पहले से सतर्क करने के लिए 5-स्तरीय SMS अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा।
5 चरणों में मिलेंगे अलर्ट मैसेज
उपभोक्ताओं को बिजली कटने से पहले क्रमवार मैसेज भेजे जाएंगे
बैलेंस 30% होने पर पहला अलर्ट
10% होने पर दूसरा
बैलेंस खत्म होने पर तीसरा
डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले चौथा
कनेक्शन कटने के बाद पांचवां मैसेज
इसके अलावा रविवार और अन्य छुट्टियों में किसी भी स्थिति में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
समीक्षा बैठक में लिया गया फैसला
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की अध्यक्षता में शक्ति भवन में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। हाल ही में जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन तक, यानी कुल 45 दिन तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
तकनीकी खामियों पर लगी रोक
स्मार्ट मीटर में आ रही तकनीकी समस्याओं को देखते हुए फिलहाल नए मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए एक तकनीकी समिति का गठन किया गया है, जिसमें आईआईटी कानपुर के दो प्रोफेसर समेत अन्य विशेषज्ञ शामिल हैं। समिति की रिपोर्ट आने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।
आंकड़ों में स्थिति
प्रदेश में अब तक 82 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 70 लाख उपभोक्ताओं ने भुगतान किया है, जबकि करीब 12 लाख लोगों के कनेक्शन बिल जमा न करने के कारण कटे हुए हैं। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि रिचार्ज के बाद भी कई बार 5–6 घंटे तक बिजली बहाल होने में समय लग जाता है। सरकार ने इस प्रक्रिया को कुछ ही मिनटों में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
गर्मी में राहत की कोशिश
सरकार का उद्देश्य है कि भीषण गर्मी के दौरान आम और गरीब उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना न करना पड़े। इसी कारण माइनस बैलेंस होने पर भी तय सीमा तक बिजली सप्लाई जारी रखने का निर्णय लिया गया है।












