गाजीपुर में फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
सदर रिपोर्टर अजय कुमार गाजीपुर, : जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने ग्राम पंचायत फतेउल्लाहपुर और सहेड़ी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत सचिव और लेखपाल से मृतक एवं भूमिहीन किसानों के आंकड़ों की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र एवं छूटे हुए किसानों की ई-केवाईसी और भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और फसल बीमा योजनाओं के लिए सटीक डाटाबेस तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम सचिवालयों और पंचायत भवनों का नियमित दौरा कर लंबित एवं त्रुटिपूर्ण मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी लेकर नजदीकी जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के पास जाकर अपनी किसान आईडी बनवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आधार और खतौनी में नाम अलग-अलग है, तो पहले उसे सही कराएं, अन्यथा रजिस्ट्री अमान्य मानी जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खतौनी का आधार से ई-केवाईसी सत्यापन अब अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि केवल पात्र किसानों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप ‘मोती सिंह’ ने नगर पंचायत में 2.64 करोड़ के भुगतान पर उठाये सवाल












