एटा में पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण, एसएसपी ने व्यवस्थाओं को परखा।
संवादाता अमन अहमद।
डॉ. इलामारन ने जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से थाना मारहरा क्षेत्र की पिवारी पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसएसपी ने चौकी परिसर, बैरक, मैस और कार्यालय अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति को परखा। उन्होंने अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और सभी जरूरी रजिस्टरों का सही तरीके से संधारण करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान आईजीआरएस तथा महिला अपराधों से जुड़े प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा भी की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा चौकी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी जांची गई। एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस को हर समय सक्रिय और सजग रहना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सक्रियता दिखाई दी।












