एटा में बड़ा हादसा टला, जीटी रोड पर सीओ ऑफिस घंटाघर के बाहर टूटी 11000 वोल्ट लाइन
जिला संवादाता काव्यांश रावत जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा शहर के व्यस्त जीटी रोड स्थित सीओ ऑफिस घंटाघर के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई। घटना के दौरान सड़क से कई वाहन, ऑटो चालक और पैदल यात्री गुजर रहे थे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली लाइन टूटकर गिरने के काफी देर बाद तक विद्युत विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। सड़क पर हाईटेंशन लाइन पड़ी रहने से लोगों की जान खतरे में बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते लोगों ने दूरी नहीं बनाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रीय नागरिकों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर में जर्जर बिजली लाइनों की समय-समय पर जांच नहीं होने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा शहर की बिजली व्यवस्था की तत्काल जांच कराने की मांग की है।












