चार दिन से अंधेरे में ग्राम सभा पुरे मसवन, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
संवाददाता: दैनिक चक्र. कुंडा विद्युत उपकेंद्र के जलालपुर फीडर अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा पुरे मसवन में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। क्षेत्र के अन्य गांवों में सप्लाई बहाल हो चुकी है, लेकिन मसवन की चार दिन से लाइनें अब तक शुरू नहीं हो सकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंधी-तूफान के बाद लाइन के आसपास गिरे पेड़ और अवरोधों को गांव के लोगों ने स्वयं हटाकर लाइन पूरी तरह क्लियर कर दी है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही आपूर्ति बहाल की गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित जेई और लाइनमैन को कई बार फोन किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं एसडीओ कुंडा को भी करीब 10 बार कॉल किया गया, परंतु फोन रिसीव नहीं किया गया।
चार दिनों से बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी, पेयजल संकट और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।













