शादी समारोह में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला 25 हजार का इनामी गिरफ्तार।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ में थाना कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शादी समारोह में फायरिंग कर दहशत फैलाने और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त शनि सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 अदद पिस्टल, 01 जिन्दा कारतूस तथा 01 खोखा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ फायरिंग और हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
शादी समारोह में हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।












