प्रतापगढ़।साप्ताहिक बाजार में मोबाइल चुराते पकड़ा गया किशोर, पुलिस कर रही पूछताछ।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के उड़ैयाडीह स्थित साप्ताहिक बाजार में एक किशोर को मोबाइल चोरी करते हुए लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशोर को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से किशोरों का एक गिरोह सक्रिय है, जो साप्ताहिक बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खरीदारी में व्यस्त लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। बताया जाता है कि चोरी के तुरंत बाद मोबाइल को एक-दूसरे के माध्यम से आगे बढ़ा दिया जाता है, जिससे पकड़े जाने पर आरोपी के पास से मोबाइल बरामद नहीं हो पाता। पुलिस का कहना है कि मोबाइल चोरी को गंभीरता से लिया जाता है और साइबर तकनीक की मदद से चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का लगातार प्रयास किया जाता है। हालांकि सभी चोरी हुए मोबाइल बरामद कर पाना संभव नहीं हो पाता।
फिलहाल पकड़े गए किशोर से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके अन्य साथियों तथा संभावित गिरोह की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। क्षेत्रीय लोगों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।












