बाजार से लौट रहे बाइक सवार को डंपर ने कुचला, मौत से परिवार में मचा कोहराम
जिलासंवाददाता अमित शुक्ला
मानिकपुर, प्रतापगढ़। बाजार से घर लौट रहे एक बाइक सवार को तेज रफ्तार डंपर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद भागने के प्रयास में डंपर चालक ने युवक को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मानिकपुर थाना क्षेत्र के रुप का पुरवा रानीमऊ गांव निवासी नन्हेंलाल गौतम (45) पुत्र राम लखन गौतम रविवार को दोपहर करीब पौने दो बजे रेवली बाजार गए थे। बाजार से बाइक द्वारा घर लौटते समय कालाकांकर-लालगंज अझारा मार्ग पर मानिकपुर थाना क्षेत्र स्थित राजा दिनेश सिंह कृषि विज्ञान केंद्र, ऐंठू के सामने सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश में नन्हेंलाल को कुचलता हुआ निकल गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मीना देवी वर्षों से बीमार चल रही हैं। परिजनों के अनुसार नन्हेंलाल ही पत्नी की देखभाल करते थे, भोजन बनाकर खिलाते थे तथा घर के अन्य कार्य भी संभालते थे। पति की मौत की खबर सुनते ही मीना देवी बिलख पड़ीं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












