बाइक टक्कर के बाद युवक पर हमला, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
कंधई थाना क्षेत्र के रखहा बाजार में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे के बाद मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। आमने-सामने हुई बाइक टक्कर के बाद दूसरे बाइक सवार युवकों द्वारा एक युवक पर लाठी-डंडों और नुकीली वस्तु से हमला किए जाने का आरोप है। घायल युवक की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के हरौवं निवासी जयराम (30 वर्ष) कंधई थाना क्षेत्र के पयागपुर औरिस्ता गांव स्थित अपनी ससुराल आए हुए थे। शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे वह बाइक से प्रतापगढ़ की ओर जा रहे थे। रखहा बाजार स्थित ग्रामीण बैंक के सामने सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद दूसरे बाइक सवार दो युवकों ने जयराम पर हमला कर दिया, जिससे उनका दाहिना हाथ टूट गया तथा सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपित युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल जयराम को अचेत अवस्था में 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बेलखरनाथ धाम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस संबंध में कंधई थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की गई है। दूसरे बाइक सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।












