कासगंज में भीषण सड़क हादसा ऑटो और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 3 की मौत, 10 घायल
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत
कासगंज। जनपद कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भरसौली मोड़ के पास उस समय हुआ जब एक ऑटो और ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो में सवार सभी लोग एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में भरसौली मोड़ के निकट सामने से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से ऑटो की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब दस लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












