सनातन शाश्वत है, इसके आगे झुकना पड़ेगा : राजा भैया बेंती कोठी में प्रस्तावित तीन दिवसीय कथा को लेकर प्रेस वार्ता, जनसत्ता दल परिवार को बताया यजमान

सनातन शाश्वत है, इसके आगे झुकना पड़ेगा : राजा भैया

  • बेंती कोठी में प्रस्तावित तीन दिवसीय कथा को लेकर प्रेस वार्ता, जनसत्ता दल परिवार को बताया यजमान

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

कुंडा, प्रतापगढ़। नवम्बर माह में बेंती कोठी पर आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध कथावाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित तीन दिवसीय श्रीराम कथा एवं हनुमंत कथा को लेकर सोमवार को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कुंडा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने पत्रकारों से बातचीत की।

प्रेस वार्ता के दौरान राजा भैया ने सोशल मीडिया पर चल रही उन चर्चाओं का खंडन किया, जिनमें उन्हें कथा का मुख्य यजमान बताया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक परिवार का सामूहिक आयोजन है और पूरी पार्टी परिवार इस कथा का यजमान है। उन्होंने कहा कि ऐसे भव्य धार्मिक आयोजनों की सफलता सभी के सहयोग और सहभागिता से ही संभव होती है।

पत्रकारों द्वारा उनके चर्चित बयान “सनातन सुरक्षित है तो संविधान सुरक्षित है” को लेकर पूछे गए सवाल पर राजा भैया ने कहा कि उन्होंने जो कहा था, वह आज भी उसी पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि भारत की धर्मनिरपेक्षता उसकी हिंदू बहुल संस्कृति के कारण सुरक्षित है और जब तक यह स्वरूप कायम रहेगा, तब तक संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था भी सुरक्षित रहेगी।

धर्म और सनातन पर अपने विचार रखते हुए राजा भैया ने कहा कि दुनिया के अधिकांश मत, पंथ और मजहबों की एक निश्चित शुरुआत रही है तथा उनके प्रवर्तक भी रहे हैं, जबकि सनातन धर्म अनादि, अनंत और शाश्वत है। उन्होंने कहा कि समय के साथ सभी को सनातन की महानता स्वीकार करनी पड़ेगी।

राजा भैया ने यह भी कहा कि समाज में व्याप्त जातिवाद जैसी कुरीतियों को दूर करना समय की आवश्यकता है और हिंदू समाज में जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि धर्म और राष्ट्र के प्रति लोगों की बढ़ती चेतना सुखद संकेत है।

कथा आयोजन को लेकर उन्होंने कहा कि किसी को यह अहंकार नहीं होना चाहिए कि वह कथा का आयोजन करवा रहा है। जहां-जहां श्रीराम कथा होती है, वहां हनुमान जी स्वयं व्यवस्थाओं का संचालन करते हैं। हम सभी केवल कार्यकर्ता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह धार्मिक आयोजन पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न होगा।

इस दौरान कथा में अधिकाधिक लोगों से शामिल होने की अपील करते हुए राजा भैया ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का महापर्व होगा।

कथा आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बेंती कोठी के पीछे गांव की ओर से कथा पंडाल तक पहुंचने हेतु विशेष मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें