योग दिवस कार्यक्रम में फ्लेक्स पर फोटो नहीं होने से नाराज हुए विधायक ईश्वर साहू
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान फ्लेक्स में फोटो नहीं होने को लेकर ईश्वर साहू की नाराजगी चर्चा का विषय बन गई। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में विधायक ईश्वर साहू ने योगाभ्यास में भाग लिया, लेकिन आयोजन स्थल पर लगाए गए फ्लेक्स एवं प्रचार सामग्री में उनका फोटो नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। बताया जा रहा है कि योग कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विधायक मंच की ओर जाने के बजाय सीधे कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। सूत्रों के अनुसार विधायक ने इस मामले को अपनी उपेक्षा बताते हुए संगठन स्तर पर शिकायत करने की बात भी कही। घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों और राजनीतिक हलकों में इस विषय को लेकर चर्चा होती रही। हालांकि इस संबंध में आयोजन समिति या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।












