एटा में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर के बाद शिक्षक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत से मचा कोहराम
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। जनपद के जलेसर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिद्धार्थ इंटर कॉलेज के शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया तथा उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर दूसरी बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, जलेसर-हाथरस मार्ग पर गांव किसर्रा के समीप दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद 30 वर्षीय हरेश, निवासी गांव मिसौली, सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक हरेश जलेसर कस्बे स्थित सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर दूसरी बाइक सवार की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा जलेसर कोतवाली क्षेत्र के जलेसर-हाथरस मार्ग पर स्थित गांव किसर्रा के पास हुआ।












