बीएसएनएल टावर पर चढ़ी युवती, मचा हड़कंप; हथिगवां पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान, मुकदमा दर्ज

बीएसएनएल टावर पर चढ़ी युवती, मचा हड़कंप; हथिगवां पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान, मुकदमा दर्ज

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

प्रतापगढ़। थाना हथिगवां क्षेत्र के ग्राम मलाका रज्जाकपुर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई। टावर पर युवती के चढ़ने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची हथिगवां पुलिस ने धैर्य, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। बाद में मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई भी की गई।

पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को सुबह लगभग 10:28 बजे थाना हथिगवां पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मलाका रज्जाकपुर स्थित बीएसएनएल टावर पर एक युवती चढ़ गई है। सूचना मिलते ही महिला उपनिरीक्षक राखी सिंह, महिला आरक्षी प्रिया मौर्या और महिला आरक्षी सीमा गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचीं।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने पहले स्थिति का गंभीरता से जायजा लिया और युवती की मानसिक स्थिति को समझते हुए उससे बातचीत शुरू की। महिला उपनिरीक्षक राखी सिंह ने पूरे धैर्य के साथ युवती को समझाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवती को भावनात्मक रूप से भरोसे में लिया। काफी देर तक चली समझाइश, संवाद और संयुक्त प्रयासों के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

युवती की पहचान मीनू निर्मल पुत्री स्वर्गीय इंद्रजीत, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी नरसिंहपुर, थाना हथिगवां, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। इस संबंध में महिला उपनिरीक्षक राखी सिंह की तहरीर के आधार पर थाना हथिगवां में मु0अ0सं0 122/2026, धारा 221 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए युवती को हिरासत में लिया। मेडिकल परीक्षण एवं अन्य वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी, तनाव या पारिवारिक विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय पुलिस और प्रशासन की मदद लें। हथिगवां पुलिस की इस तत्परता, सूझबूझ और मानवीय कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें