ऑपरेशन दहन: कासगंज पुलिस ने 3.20 करोड़ रुपये के अवैध मादक पदार्थ किए नष्ट
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कासगंज पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3 करोड़ 20 लाख 47 हजार 270 रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में की गई। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में संचालित ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से संबंधित बरामद अवैध मादक पदार्थों को न्यायालयों से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में वैज्ञानिक विधि से विनष्ट किया गया। पुलिस विभाग के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों का कुल अनुमानित मूल्य 3 करोड़ 20 लाख 47 हजार 270 रुपये था। इन पदार्थों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए आगरा के एतमादपुर स्थित जे.आर.आर. वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के भस्मक (इंसिनरेशन) प्लांट में भेजा गया, जहां उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान सुशील कुमार समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।












