एटा: मेडिकल कॉलेज से पुलिस को चकमा देकर भागा अभियुक्त, कुछ ही देर में दबोचा
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए लाया गया एक अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अभियुक्त के भागते ही उसे लेकर आए पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए और तत्काल पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त की तलाश शुरू की। कुछ ही देर की मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर फरार अभियुक्त को दोबारा पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अभियुक्त को किस मामले में और किस थाने की पुलिस इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाई थी। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में काफी देर तक चर्चाओं का माहौल बना रहा।












