प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता की मिसाल, खुली ग्राम सभा में पढ़ी गई लाभार्थी सूची
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बाबागंज विकास खंड की ग्राम पंचायत पुरैली मकदूमपुर एवं किंधौली में रविवार को खुली ग्राम सभा का आयोजन किया गया। दोनों ग्राम सभाओं में वर्ष 2024 की स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) के आधार पर तैयार लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया।
ग्राम पंचायत पुरैली मकदूमपुर में ग्राम विकास अधिकारी संजय चंद्रा ने शासन द्वारा निर्धारित पात्रता मानकों की जानकारी देते हुए सूची का वाचन किया। ग्रामीणों से आपत्ति-सुझाव मांगे गए। सूची के अवलोकन के बाद किसी ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। सभी ने सर्वसम्मति से चयनित लाभार्थियों की सूची का समर्थन किया। ग्रामीणों ने विकास कार्यों और पारदर्शी कार्यशैली के लिए ग्राम विकास अधिकारी संजय चंद्रा की सराहना की।ग्राम पंचायत किंधौली में ग्राम प्रधान सरोज शुक्ला की अध्यक्षता में खुली ग्राम सभा हुई। ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने सूची पढ़कर पात्रता के मानक बताए। यहां भी किसी प्रकार की आपत्ति नहीं आई और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सूची का अनुमोदन करते हुए प्रक्रिया को निष्पक्ष बताया।अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देश पर चयन प्रक्रिया को जनसहभागिता आधारित और पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। खुली ग्राम सभा में सूची पढ़कर सहमति लेना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, ताकि किसी पात्र का अधिकार प्रभावित न हो।ग्रामीणों ने कहा कि इस पहल से भ्रांति और शिकायत की संभावना कम होगी और वास्तविक पात्रों को समय पर आवास मिलेगा।












