किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, एक सप्ताह में शिकायतों के निस्तारण के निर्देश,CDO: श्री कुमार सौरभ
एवं उप कृषि निदेशक श्री आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर






उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, रबी बीजों की ऑनलाइन बुकिंग एवं ई-लॉटरी की जानकारी; विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश,गाजियाबाद दिनांक : 15 जुलाई 2026उप कृषि निदेशक श्री आशीष कुमार सिंह ने बताया कि विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या किसानों के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में प्राप्त 31 शिकायतों में से 22 शिकायतों का निस्तारण कर उनकी आख्या प्राप्त हो चुकी है, जबकि 09 शिकायतों की आख्या अभी संबंधित विभागों से प्राप्त होना शेष है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा संबंधित कृषक एवं उप कृषि निदेशक को आवश्यक अभिलेखों सहित आख्या उपलब्ध कराएं। साथ ही शिकायतकर्ता को भी आख्या की प्रति अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष श्री बिजेन्द्र सिंह ने सहकारी समितियों में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण संबंधी समस्याओं को उठाया। इस पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता के प्रतिनिधि श्री जालन्दर प्रसाद ने बताया कि जनपद की सभी सहकारी समितियों में यूरिया, डीएपी एवं एनपीके उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद में यूरिया 6416.170 मीट्रिक टन, डीएपी 1899.120 मीट्रिक टन तथा एनपीके 338.140 मीट्रिक टन उपलब्ध है, जो गत वर्ष की तुलना में अधिक है। उर्वरकों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसानों से जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 0120-4914646 पर संपर्क करने का आग्रह किया गया। भोजपुर सहकारी समिति में उर्वरक वितरण संबंधी शिकायत पर अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसान श्री सदाकत अली (उर्फ छोटे चौधरी) द्वारा मेरठ एक्सप्रेसवे के नीचे ग्राम रसूलपुर सिकरोड़ा स्थित पुलिया एवं सड़क की जर्जर स्थिति की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग, खंड-2 के अधिशासी अभियंता ने बताया कि मरम्मत कार्य प्रगति पर है और एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। वहीं किसान श्री चौधरी दक्ष नागर द्वारा लोनी क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा उठाए जाने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में गठित संयुक्त समिति द्वारा नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। दिसंबर 2025 से अब तक 338 प्रदूषणकारी इकाइयों का विद्युत विच्छेदन कर उनकी उत्पादन गतिविधियां बंद कराई जा चुकी हैं।बैठक में किसानों को रबी सत्र 2026-27 हेतु अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग एवं ई-लॉटरी की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। रबी बीज बुकिंग एवं ई-लॉटरी कार्यक्रम: तोरिया: बुकिंग 02 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक, ई-लॉटरी 17 अगस्त 2026।दलहनी एवं तिलहनी फसलें (चना, मटर, मसूर, राई, सरसों, अलसी): बुकिंग 10 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक, ई-लॉटरी 11 सितंबर 2026।गेहूं एवं जौ: बुकिंग 10 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक, ई-लॉटरी 01 अक्टूबर 2026।किसानों को बताया गया कि वे निःशुल्क बीज मिनीकिट एवं अनुदानित बीजों के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण एवं बुकिंग कर सकते हैं अथवा अपने निकटतम राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर समय से आवेदन कर सकते हैं। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी श्री बिजेन्द्र सिंह, श्री मनोज नागर, श्री राजवीर सिंह सहित 150 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त विद्युत, सिंचाई, गन्ना, लोक निर्माण, नगर निगम, पशुपालन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की प्रत्येक समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा आख्या प्रेषित करने से पूर्व उसका स्वयं परीक्षण कर किसानों के हितों का संरक्षण किया जाए।












