कंधई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 38.42 ग्राम MD के साथ पूर्व प्रधान जुनैद अहमद गिरफ्तार
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़। कंधई थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 38.42 ग्राम एमडी (MD) के साथ पूरा देवयानी निवासी एवं पूर्व प्रधान जुनैद अहमद पुत्र अब्दुल सलाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की रात करीब 8:34 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सराय जम्मुअरी नहर पुलिया की ओर अवैध नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक विवेक कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से पीली पन्नी में रखा 38.42 ग्राम एमडी (MD) तथा 240 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीला पदार्थ बेचकर अपनी आजीविका चलाता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान सीओ पट्टी प्रदीप सिंह भी मौजूद रहे। गिरफ्तारी टीम में हेड कांस्टेबल बद्री नारायण, कांस्टेबल अभिषेक चौरसिया, आरक्षी शिवकुमार गौड़ एवं आरक्षी मनीष कुमार सिंह शामिल रहे।












