हाइटेंशन लाइन ने ली जान, ट्रक हेल्पर की मौके पर मौत

हाइटेंशन लाइन ने ली हेल्पर की जान

स्टेट संवाददाता विष्णु रावत  एटा: जनपद के सकीट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गाड़िया कोछी में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। एक कंटेनर ट्रक हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे ट्रक पर सवार 22 वर्षीय हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिरोजाबाद जनपद के नंदपुर गांव निवासी अनुराग पुत्र हरिओम शर्मा के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर को गांव के संदीप पुत्र रामजीलाल चला रहा था। अनुराग ट्रक के केबिन की खिड़की पर बैठकर संदीप को रास्ता दिखा रहा था। मोड़ लेते समय ट्रक का ऊपरी हिस्सा अचानक ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से छू गया, जिससे पूरा वाहन विद्युत प्रवाहित हो गया।

करंट लगते ही चालक संदीप ने स्थिति भांपते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन अनुराग को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सकीट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के उपरांत पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भिजवाया। मृतक के भाई अमित ने बताया कि अनुराग हाल ही में कोलकाता से कंटेनर लेकर घर लौटा था।

थाना प्रभारी चमन गोस्वामी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह हादसा हाइटेंशन लाइन की खतरनाक स्थिति और ट्रक संचालन में बरती जा रही लापरवाही की गंभीरता को उजागर करता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली लाइनों को लेकर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ये भी पढ़ें एटा के ग्राम बदरिया में एक महीने से बंद पड़ा नल, पानी के लिए परेशान हो रहे ग्रामीण

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें